नवादा : विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन, सहिष्णुता और नेतृत्व क्षमता के साथ संसदीय कार्यप्रणाली की व्यावहारिक समझ विकसित करने को लेकर राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निर्देश पर डायट सभा कक्ष में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने वास्तविक लोकसभा की कार्यवाही की तर्ज पर सदन के अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, विभिन्न विभागों के मंत्री, विपक्ष के नेता, सांसद, महासचिव और मार्शल की भूमिकाओं का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।
वहीँ, प्रश्नोत्तर काल और बहस के दौरान प्रतिभागियों ने महंगाई, कानून-व्यवस्था, रोजगार और शिक्षा जैसे समसामयिक एवं जनहित के मुद्दों पर तार्किक ढंग से अपने विचार रखे। छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन का मूल्यांकन तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया। इसमें डायट गया के डॉ० रवीन्द्र कुमार, राहुल कुमार सिन्हा और राकेश कुमार शामिल थे। निर्णायक मंडल ने अनुशासन, संसदीय प्रक्रियाओं के पालन, प्रश्नों की गुणवत्ता और भाषण की प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम का संचालन और समन्वय कार्यक्रम समन्वयक अश्विनी भारद्वाज ने किया।
डायट के प्राचार्य अखलाख खान ने कहा कि नागरिकता केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका है। युवा संसद जैसे मंच विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संसदीय मर्यादाओं का प्रत्यक्ष अनुभव कराते हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुनावां के विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। जिला स्तर पर चयनित विजेता टीम आगामी प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। कार्यक्रम में संस्थान के व्याख्याता डॉ. नितिन कुमार, डॉ. शशिभूषण कुमार सहित सभी व्याख्याता उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट