अररिया में बीती देर रात ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के मदनपुर-सिकटी मार्ग पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल से 50 फीट नीचे नदी में जा गिरी। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार 7 में से 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति की घायल होने के बाद जान बच गई है। सभी स्कॉर्पियो सवार एक तिलक समारोह से लौट रहे थे। बताया जाता है कि सभी लड़की पक्ष के थे और तिलक समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। सभी 6 लोगों की मौत पानी में स्कॉर्पियो गिरने के कारण दम घुटने से हुई। यह दर्दनाक हादसा बीती रात पौने 12 बजे मदनपुर-सिकटी मार्ग स्थित बीड़ी पुल के पास हुआ। सूचना मिलते ही ताराबाड़ी पुलिस और मुख्यालय डीएसपी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने सभी 6 मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा है।
गाड़ी में पानी भरने से फंसे लोग
जानकारी के अनुसार रात के अंधेरे में बीड़ी पुल के तेज मोड़ पर स्कॉर्पियो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बेकाबू गाड़ी सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे 50 फीट नीचे नदी के गहरे पानी में जा गिरी। बताया गया कि गाड़ी में कुल 7 लोग सवार थे। ये सभी लोग लड़की पक्ष वाले थे जो अररिया के सिकटी प्रखंड स्थित भपटीयाई गांव में एक तिलक समारोह में शामिल होने के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे। तिलक समारोह खत्म होने और खाना खाने के बाद लड़की के घर वाले स्कॉर्पियो से वापस अपने गृह जिला सुपौल लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा पेश आया।
JCB की मदद से निकाला गया बाहर
बताया जाता है कि नदी में गिरते ही स्कॉर्पियो के दरवाजे लॉक हो गए और गाड़ी के भीतर तेजी से पानी भरने लगा। अंदर फंसे लोग संभल पाते या बाहर निकल पाते, इससे पहले ही पानी में डूबने और दम घुटने के कारण 6 लोगों ने दम तोड़ दिया। इधर हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुपौल से आए लड़की पक्ष के लोग खाना खाकर निकले ही थे कि कुछ देर बाद गाड़ी के नदी में गिरने की खबर मिली। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सियों से गाड़ी को बांधा और मौके पर JCB मशीन बुलाकर कड़ी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को नदी से बाहर निकाला गया। इस भयावह हादसे में एक व्यक्ति किसी तरह जिंदा बच गया लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।