नवादा : नगर के पुरानी जेल रोड सदर अस्पताल से चंद कदम दूर उत्तर सिन्हा भवन में संचालित एक निजी क्लीनिक से जुड़ी हृदयविदारक घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। सरेराह एक नवजात शिशु को आवारा कुत्तों द्वारा नोंच-नोंचकर खाने की घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। जिस नन्ही जान को दुनिया में सुरक्षित जीवन मिलना चाहिए था, उसका इस तरह दर्दनाक अंत होने से हर संवेदनशील व्यक्ति का दिल दहल उठा। घटना के दौरान लोगों के तमाशबीन बने रहने की बात भी समाज की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर रही है।
घटना के बाद पुरानी जेल रोड स्थित सिन्हा भवन में संचालित निजी क्लीनिक की कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घनी आबादी के बीच संचालित इस क्लीनिक में आवश्यक मानकों और व्यवस्थाओं का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आखिर नवजात शिशु इस स्थिति तक कैसे पहुंचा और उसके साथ हुई इस दर्दनाक घटना के लिए कौन जिम्मेदार है, यह जांच का विषय है।
लोगों का सवाल है कि यदि क्लीनिक में अनियमितताएं थीं, तो इसकी निगरानी पहले क्यों नहीं की गई। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को मामले की गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए। साथ ही जिले के सभी निजी क्लीनिकों की जांच कर मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने नवजात की मौत के मामले में जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग से निजी क्लीनिकों की व्यवस्था और उनके संचालन से जुड़े नियमों की जांच कराने की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट
