नवादा : जिले के रोह-कादीरगंज रोड पर हरला गांव के समीप सड़क हादसा हुआ, जिसमें अज्ञात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक पर सवार युवक को कुचल दिया जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। मृतक की पहचान चनिरक राजवंशी के 22 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार उर्फ कालिया के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार सुमित किसी काम से घर से कादीरगंज जा रहा था। इसी दौरान हरला पेट्रोल पंप के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस की मदद से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
कुछ घंटों तक युवक की पहचान नहीं हो सकी।बाद में सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और उन्होंने शव की पहचान की। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही रोह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट