नवादा : नगर के सोनार पट्टी रोड ज्वेलरी दुकान में घुसकर दुकानदार के साथ मारपीट करने और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। मारपीट की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस संबंध में पीड़ित दुकानदार मुकेश कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई करने की मांग की है। बताया जाता है कि पीड़ित अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
वहीँ, विरोध करने पर दुकानदार के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि युवकों ने रंगदारी के रूप में रुपये की मांग की और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों युवक अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। बाद में पुलिस बाइक को नगर थाना ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
भईया जी की रिपोर्ट