नवादा : लोक आस्था का महापर्व छठ के संपन्न होते ही अब काम पर परदेस लौटने का सिलसिला तेज हो गया है। घर-परिवार के साथ छठ मनाने के बाद रोजी-रोजगार और कामकाज पर वापस लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ जिले के रेलवे स्टेशनों पर उमड़ रही है। सुबह से देर शाम तक स्टेशन परिसर यात्रियों से गुलजार हो रहा है। प्लेटफॉर्मों पर लंबी कतारें और ट्रेनों में सवार होने की आपाधापी त्योहार के बाद घर लौटने और रोजगार पर समय से पहुंचने की मजबूरी को बयां कर रही है।
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और अहमदाबाद समेत देश के विभिन्न बड़े शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में अचानक इजाफा हुआ है। नियमित ट्रेनों में पहले से ही सीटें फुल हैं। वहीं, स्पेशल ट्रेनों में भी यात्रियों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। गया-हावड़ा , हमसफर एक्सप्रेस सहित अन्य स्पेशल ट्रेनों में चढ़ने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। खासकर जनरल कोच में जगह पाने के लिए यात्रियों के बीच होड़ मची हुई है।
स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। आरपीएफ और जीआरपी के जवान लगातार प्लेटफॉर्मों और स्टेशन परिसर में निगरानी कर रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। भीड़ नियंत्रण के मद्देनजर मुख्यालय स्तर से पांच अतिरिक्त बल उपलब्ध कराये गये हैं। जवानों की तैनाती कर यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
छठ में शामिल होने के लिए दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में प्रवासी अपने गांव और घर पहुंचे थे। पर्व संपन्न होते ही अब उनके लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। परिवार के साथ त्योहार मनाने की खुशी के बीच रोजगार पर समय से पहुंचने की चिंता भी यात्रियों के चेहरों पर साफ दिख रही है। आने वाले दिनों में भी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बने रहने की संभावना है।
भईया जी की रिपोर्ट