नवादा : जिले के सिरदला प्रखंड क्षेत्र के राजन पंचायत फतेहपुर टोला विजयपुर के तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंश कुमार (6 वर्ष), पिता-अनिल रावत और शिवम कुमार (7 वर्ष), पिता-नितेश पांडे के रूप में हुई है। दोनों ग्राम फतेहपुर, पंचायत राजन, प्रखंड सिरदला, जिला नवादा के निवासी है। बताया जाता है कि दोनों बच्चे खेलते-खेलते गांव के पास स्थित तालाब के किनारे चले।
इसी दौरान कपड़ा खोलकर दोनों स्नान करते हुए गहरे पानी में चले गए और डूब गए। काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तालाब के पास बच्चों के कपड़े व चप्पल देखकर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर खोजबीन की तो दोनों बच्चों को बाहर निकाला और आनन-फानन में सदर अस्पताल ले गए।
सदर अस्पताल के चिकित्सक ने अंश कुमार और शिवम कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद फतेहपुर गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फतेहपुर पैक्स अध्यक्ष सह समाजसेवी विनोद सिंह उर्फ चुनचुन सिंह ने प्रशासन से उचित कार्रवाई एवं शोकाकुल स्वजन को सरकारी आपदा प्रबंधन से सहायता दिलाने की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट