– नहाय खाय के साथ किया चतुर्दिवसीय छठ का आगाज
नवादा : जापानी शिक्षिका काना मियामुरा ने छठ महापर्व की शुरुआत की। उन्होंने दो महीने से सात्विक भोजन किया और अब भोजपुरी में छठ गीत गाकर सबका दिल जीत रही हैं। भारतीय लोक आस्था और छठ महापर्व की परंपरा अब विदेशियों को भी अपनी ओर आकर्षित कर रही है। इसका उदाहरण नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के ऐतिहासिक पिरौटा गांव में देखने को मिल रहा है, जहां जापान की रहने वाली शिक्षिका काना मियामुरा ने शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का अनुष्ठान शुरू किया। भारतीय रीति-रिवाजों के अनुसार छठ व्रत कर रहीं काना पिछले दो महीने से इसकी तैयारी में जुटी थीं। इस दौरान उन्होंने लहसुन-प्याज का सेवन भी छोड़ दिया था। अब वह गांव की महिलाओं के साथ छठ के पारंपरिक गीत गाकर लोगों को भी आकर्षित कर रही हैं।
काना मियामुरा पिछले वर्ष भारत घूमने आयी थीं. बौद्ध धर्म को मानने वाली काना दक्षिण भारत के मीनाक्षी मंदिर और नवग्रह मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों पर गयी थीं। वहां भगवान सूर्य की प्रतिमाओं और सूर्य उपासना की परंपरा ने उन्हें काफी प्रभावित किया। इसी दौरान जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के पिरौटा निवासी एडवोकेट रंजन कुमार ने उन्हें बिहार में मनाये जाने वाले छठ महापर्व की विशेषता और कठिन अनुष्ठान के बारे में बताया। छठ की परंपरा से प्रभावित होकर उन्होंने स्वयं यह व्रत करने का निर्णय लिया।
छठ व्रत की तैयारी के लिए काना पिछले दो महीने से सात्विक भोजन कर रही थीं। उन्होंने लहसुन और प्याज का सेवन भी बंद कर दिया था। उनका कहना है कि वह निरोगी शरीर और अच्छे जीवनसाथी की कामना के साथ छठ व्रत कर रही हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान को वह पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ पूरा करेंगी। पिरौटा गांव में वह रंजन कुमार की मां सोना देवी के साथ छठ पूजा कर रही हैं।
जापानी शिक्षिका की एक और खास बात गांव के लोगों को आकर्षित कर रही है। वह भोजपुरी में छठ के पारंपरिक गीत भी गा रही हैं. ‘पहिले-पहिले हम कइली छठी मैया व्रत तोहार, करिहा क्षमा छठी मैया भूल-चूक गलती हमार’ जैसे गीतों को उनकी आवाज में सुनने के लिए गांव के लोग उत्सुक नजर आ रहे हैं। वह गांव की महिलाओं के साथ भी छठ गीत गा रही हैं। काना ने इंटरनेट पर वीडियो देखकर कई महीनों तक छठ के गीतों और उनसे जुड़ी परंपराओं को सीखा है। अब वह उसी उत्साह के साथ गांव की महिलाओं के बीच इस महापर्व में शामिल हो रही हैं।
काना मियामुरा को पिरौटा गांव तक लाने में एडवोकेट रंजन कुमार की अहम भूमिका है। उनके पिता का नाम अलखदेव प्रसाद सिंह है। रंजन कुमार भारत और जापान के बीच पर्यटन एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के साथ बिहार के ग्रामीण पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे पहले होली के अवसर पर भी उन्होंने जापानी पर्यटकों को पिरौटा बुलाकर ग्रामीणों के साथ त्योहार मनाने का अवसर दिया था। उनका उद्देश्य विदेशी पर्यटकों को केवल बड़े पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं रखना, बल्कि भारतीय गांवों की जीवनशैली, खानपान, लोक परंपराओं और त्योहारों से भी परिचित कराना है।
रंजन कुमार का मानना है कि बिहार के गांवों में ग्रामीण पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं। विदेशी पर्यटकों के गांवों तक पहुंचने से स्थानीय संस्कृति को पहचान मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिल सकता है। जापानी शिक्षिका की छठ पूजा में भागीदारी इसी दिशा में एक खास पहल बनकर सामने आयी है। उनकी मौजूदगी ने यह भी दिखाया है कि भारतीय लोक आस्था और परंपराओं का आकर्षण देश की सीमाओं से कहीं आगे तक है।
भईया जी की रिपोर्ट