नवादा : लोक आस्था का महापर्व छठ की आहट के साथ ही परदेस में रहकर रोजी-रोटी कमाने वाले लोगों का घर लौटने का सिलसिला तेज हो गया है। परिवार के साथ छठ मनाने की चाह में कोई दिल्ली से, तो कोई मुंबई और चेन्नई से लंबी दूरी तय कर नवादा पहुंच रहा है।गुरुवार को नवादा रेलवे स्टेशन पर सुबह से देर शाम तक यात्रियों की भीड़ लगी रही। ट्रेनों से उतरते ही लोगों के चेहरे पर घर पहुंचने की खुशी साफ झलक रही थी। किसी को मां के हाथों बने ठेकुआ और प्रसाद का इंतजार है, तो कोई परिवार के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए उत्साहित है।
दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, गुजरात, राजस्थान, पंजाब और बंगाल सहित देश के विभिन्न शहरों से लोग छठ मनाने अपने घर लौट रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि पर्व के दौरान ट्रेनों में काफी भीड़ रहती है। दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की गयी है। इसी तरह मुंबई और चेन्नई के लिए भी छठ स्पेशल ट्रेन चलायी जानी चाहिए, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो। मुंबई से लौटे यात्री मुकेश गुप्ता ने बताया कि सालभर काम के सिलसिले में परिवार से दूर रहना पड़ता है, लेकिन छठ ऐसा पर्व है, जिसमें घर आने की कोशिश जरूर करते हैं। रेलवे को मुंबई के लिए अतिरिक्त ट्रेन चलानी चाहिए।
दिल्ली से पहुंचे यात्री सुरेश प्रसाद ने कहा कि छठ में घर आने का आनंद ही अलग है। ट्रेन में काफी भीड़ थी, लेकिन परिवार के साथ पर्व मनाने की खुशी सारी परेशानियां भुला देती है। चेन्नई से लौटे यात्री राजेंद्र सिंह ने कहा कि लंबी दूरी और टिकट की परेशानी के बावजूद छठ पर घर पहुंचना जरूरी लगता है। रेलवे प्रशासन को चेन्नई से बिहार के नवादा के लिए स्पेशल ट्रेन चलानी चाहिए।
मुंबई से लौट रहे यात्री ज्ञान प्रकाश आर्य ने कहा कि छठ हमारी आस्था और परंपरा का पर्व है। पूरे परिवार के साथ घाट पर अर्घ्य देने का इंतजार रहता है। रेलवे को यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करनी चाहिए। स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ के जवान मुस्तैद रहे। आरपीएफ के गिरीश कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इधर, स्टेशन से लेकर मुख्य बाजार तक ऑटो और ई-रिक्शा की भीड़ के कारण जाम की स्थिति बनी रही।
भईया जी की रिपोर्ट