अरवल – लोकआस्था के महापर्व छठ के पावन एवं मंगलमय अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, जहानाबाद के द्वारा लगातार 285वें रविवासरीय साप्ताहिक पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन मुकेश कुमार की निजी जमीन, ग्राम दाऊदपुर, पोस्ट–कलपा, जिला जहानाबाद में उत्साह एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर पौधरोपण के माध्यम से प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन एवं स्वच्छ वातावरण निर्माण का संदेश दिया गया। छठ महापर्व हमें प्रकृति, सूर्य एवं जल के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव सिखाता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए पौधरोपण के इस पुनीत कार्य के माध्यम से प्रकृति के संरक्षण का सार्थक प्रयास किया गया।
प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ जहानाबाद विगत पांच वर्षों से प्रत्येक रविवार को निरंतर पौधरोपण अभियान चलाकर समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है। लगातार 285 सप्ताहों तक इस अभियान को जारी रखना युवा शक्ति की पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता, समर्पण एवं सकारात्मक सोच का परिचायक है।
इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल करना, उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना तथा अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान से जोड़ना भी है।आइए, हम सभी संकल्प लें कि प्रत्येक शुभ अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं। क्योंकि पेड़-पौधे ही धरती का श्रृंगार, जीवन का आधार और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। इस अवसर पर कौशल कुमार, धनंजय कुमार, मुकेश कुमार,रंगनाथ शर्मा, प्रमेन्द्र कुमार, विनोद कुमार उपस्थित थे।

देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
