मोतिहारी के चकिया रेलवे स्टेशन पर एक युवक की हरकत से हड़कंप मच गया। यहां ट्रेन में सीट नहीं मिलने से नाराज एक युवक सीधे ट्रेन के इलेक्ट्रिक इंजन पर नंगे पांच चढ़ गया और उसपर जा बैठ। इस घटना के कारण सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन करीब 20 मिनट तक चकिया स्टेशन पर ही रुकी रही। घटना के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। कुछ यात्री इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में कैद करने लगे। चकिया रेलवे स्टेशन के समपार संख्या 136 पर तैनात आरपीएफ कर्मी ने युवक को इंजन पर चढ़ा देखा और स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसके बाद युवक को इंजन से नीचे उतारने के लिए रेलवे सुरक्षा बल की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 20 मिनट की कोशिश के बाद युवक को नीचे उतारा जा सका। और तब जाकर ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सकी।

इलेक्ट्रिक इंजन पर चढ़ा युवक
जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरपुर से दिल्ली जाने वाली सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस जब मोतिहारी के चकिया स्टेशन पहुंची तो भीड़ काफी थी और अंदर कहीं भी पैर रखने की भी जगह नहीं थी। इसी दौरान सीट नहीं मिलने की सूरत में एक युवक ट्रेन के इंजन के ऊपर चढ़कर बैठ गया। बताया जा रहा है कि ट्रेन में उसे सीट नहीं मिल रही थी, इसी वजह से उसने यह अजीब कदम उठाया। युवक को इंजन पर बैठा देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर युवक इंजन से नीचे कैसे उतरेगा। इसके बाद कुछ लोगों ने इसकी सूचना चकिया RPF को दी।
सूचना मिलते ही रेल सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे और इंजन के ऊपर बैठे युवक को नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। पुलिस ने युवक को काफी समझाया और नीचे आने के लिए मनाया। युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं था, लेकिन करीब 20 मिनट तक समझाने के बाद RPF के जवान उसे नीचे उतारने में कामयाब रहे। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली। इधर युवक को नीचे उतारने के बाद RPF की टीम उससे पूछताछ कर रही है। फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
