समस्तीपुर के खानपुर में आज सुबह बाइक की टक्कर से एक मासूम बच्चे की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। यहां रेवड़ा पंचायत के सिंधियाही गांव में अपने घर के सामने खेल रहे पांच साल के बच्चे को एक बाइक सवार ने कुचल दिया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आगजनी शुरू कर दी। खबर पाकर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने पुलिस पार्टी पर हमला बोल दिया। आक्रोशित लोगों ने पुलिसकर्मियों जमकर पीटा और उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान पुलिस के एक जवान द्वारा भीड़ पर AK-47 तानने की बात भी सामने आई है।
मृतक बच्चे की पहचान सिंधियाही गांव निवासी मुकेश सहनी के पुत्र अंशु कुमार के रूप में हुई है। खानपुर पुलिस ने बताया कि बच्चा अंशु अपने घर के दरवाजे के सामने खेल रहा था। इसी दौरान एक वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना में शामिल वाहन का चालक उसी पंचायत के एक जनप्रतिनिधि मुखिया का पुत्र बताया जा रहा है। बच्चे की मौत की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आगजनी शुरू कर दी। लोगों की मांग थी कि वरीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचें और हादसे के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। हंगामे की सूचना पर पहुंची खानपुर थाना की पुलिस को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
आक्रोशित लोगों ने पुलिस के सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सख्ती करनी पड़ी और जवान द्वारा AK-47 ताने जाने की बात भी सामने आई। हालांकि पुलिस का कहना है कि जवान अपना हथियार संभालकर दौड़ रहा था, न कि वह निशाना लगा रहा था। पुलिस ने यह भी बताया कि घटना के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने सड़क जाम कर पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त किया। इस मामले में उपद्रव करने वालों को चिन्हित कर खानपुर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। मृतक के परिजनों का बयान भी लिया गया है और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेजा गया है। मामले की गंभीरता को देखते कल्याणपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।