मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग और शादी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। मुंगेर जिले की इस लव स्टोरी में तब गजब हो गया जब प्रेमी ने रात के वक्त प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा, और फिर वह कुछ ही देर बाद फरार हो गया। जानकारी के अनुसार बीती रात के वक्त यह युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान गांव वालों ने इस प्रेमी जोड़े को रंगेहाथ पकड़ लिया। प्रेमी-प्रेमिका के पकड़े जाने के बाद गांव में काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति रही और बाद में गांव वालों की मौजूदगी में प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया। लेकिन तब सभी लोग अचानक सन्न रह गए जब सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खाने वाला प्रेमी युवक शादी के कुछ घंटे बाद ही अपनी नई नवेली पत्नी को छोड़कर फरार हो गया। अब लड़की और उसके परिजन परेशान हैं और युवक की तलाश कर रहे हैं।
दो वर्षों से चल रहा था अफेयर
अजीबोरीब लव स्टोरी वाला यह पूरा मामला मुगेर के धरहरा थाना क्षेत्र के सारोबाग गांव का है। गांव के अनिल मंडल की बेटी का गांव के ही दीपक चौधरी के बेटे गौरव कुमार के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी धीरे-धीरे परिवार वालों को भी हो गई थी। बताया जा रहा है कि बीती रात गौरव अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजनों और ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद गांव में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों के कहने पर गौरव ने सबके सामने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर शादी कर ली और उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए साथ निभाने का वादा किया।
शादी के चंद घंटो बाद पति फरार
तत्पश्चात शादी के कुछ देर बाद जब लड़के के परिजन मौके पर पहुंचे तो एक बार फिर माहौल बिगड़ने लगा। इसी बीच प्रेमी से पति बना गौरव लोगों को चकमा देकर अपनी पत्नी को वहीं छोड़कर फरार हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब युवक का कोई सुराग नहीं मिला तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। फिलहाल, शादी के कुछ घंटे बाद ही दूल्हे के फरार हो जाने से लड़की और उसके परिजन परेशान हैं। वहीं, युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस को मामले की सूचना दिए जाने की बात सामने आई है।