नवादा : जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और लंबित आपराधिक मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और अनुसंधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित कांडों का समयबद्ध निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और गंभीर घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान की अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में सभी एसडीपीओ, डीएसपी, अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष, ईआरएसएस, एफएसएल सहित विभिन्न शाखाओं के पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। एसपी ने अलग-अलग थानों में दर्ज कांडों, अनुसंधान की स्थिति, गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निष्पादन की जानकारी ली।
समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी थानाध्यक्षों और अनुसंधानकर्ताओं को लंबित कांडों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। कहा कि प्रत्येक मामले में साक्ष्यों का संकलन और संरक्षण गंभीरता से किया जाए। अनुसंधान को केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का भी प्रभावी इस्तेमाल किया जाए।
हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, अपहरण तथा महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा । फरार और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया । साथ ही अपराधियों की गतिविधियों और जेल से बाहर आने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर निगरानी रखने को कहा।
अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर जोर देते हुए एसपी ने नियमित गश्ती और वाहन जांच को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। बाजारों, प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और अपराध की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
बैठक में मद्यनिषेध अभियान की समीक्षा की गई। एसपी ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार छापेमारी करने को कहा। साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों की शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेने का निर्देश दिया। आम लोगों को साइबर ठगी से बचाने के लिए जागरूकता अभियान जारी रखने पर भी बल दिया।
आगामी पर्व-त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। संवेदनशील इलाकों की पहचान कर पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्ती और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया। सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मासिक अपराध गोष्ठी में सदर एसडीपीओ-1 हुलास कुमार, सदर एसडीपीओ-2 राहुल सिंह, रजौली एसडीपीओ केतन अशोक इंगोले, पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी, मुख्यालय डीएसपी निशु मल्लिक, साइबर डीएसपी मो. शाहनवाज अख्तर, यातायात डीएसपी अभिषेक कुमार समेत जिले के सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष, ईआरएसएस, एफएसएल से जुड़े पदाधिकारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में एसपी ने सभी पदाधिकारियों को आम जनता की शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेने और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह एवं सक्रिय बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी और लंबित मामलों के निष्पादन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
भईया जी की रिपोर्ट