जदयू से निष्कासित मोकामा विधायक अनंत सिंह का एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें वो भोजपुरी फिल्मों के मशहूर सिंगर और एक्टर खेसारी लाल यादव को अपनी बेटी शिवांगी की शादी में आने का निमंत्रण दे रहे हैं। खेसारी लाल यादव और अनंत सिंह के बीच वीडियो कॉल के जरिये बातचीत काफी दिलचस्प अंदाज में हुई। सामने आए वीडियो में अनंत सिंह वीडियो कॉल पर खेसारी लाल यादव से सीधे कहते हैं, ‘हां, 25 के आबो…’। इस पर खेसारी लाल जवाब देते हैं कि 25 नवंबर को उनके घर के सामने ही एक लड़की की शादी है। ऐसे में वह दिन में आकर थोड़ी देर घूम जाएंगे। इस पर अनंत सिंह कहते हैं—’हां-हां’। इसके बाद वह खेसारी को एक और विकल्प देते हुए कहते हैं कि अगर 20 तारीख को छुट्टी है तो 20 को ही आ जाइए। इस पर खेसारी लाल कहते हैं—’दादा, अभी वह एक कार्यक्रम में हैं। पटना पहुंचकर आपको फोन करते हैं’।
वीडियो कॉल के दौरान खेसारी लाल यादव अनंत सिंह को बताते हैं कि वह फिलहाल समस्तीपुर में एक कार्यक्रम में पहुंचे हुए हैं। रात में उनका कार्यक्रम पूर्णिया में है। इस वजह से वह अभी विस्तार से बात नहीं कर पा रहे। इसके बाद खेसारी पटना पहुंचकर अनंत सिंह को फिर कॉल करने की बात कहते हैं। इसके बाद अनंत सिंह भी उनकी बात पर सहमति जताते हुए कहते हैं कि ठीक है। उधर अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर उनके बेटे अभिषेक ने भी मीडिया से बातचीत की। अभिषेकने शादी में आने वाले मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि जितने लोग आना चाहते हैं, सभी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है।
बता दें कि 25 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी की होने वाली इस शादी को लेकर मोकामा से लेकर पटना तक चर्चा है। अब देखना होगा कि शादी के दिन भोजपुरी सिनेमा और राजनीति की कौन-कौन सी चर्चित हस्तियां पहुंचती हैं। विदित हो कि अनंत सिंह के होने वाले समधी रणविजय कुमार सिंह सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं। वे बिहटा के रहने वाले हैं और उनका बेटा अमेरिका में एक मल्टीनेशनल कंपनी में जॉब करता है। परिवार ने बताया कि अनंत सिंह से रिश्ता जुड़ना उन लोगों के लिए गर्व और खुशी की बात है। अनंत सिंह की साफगोई, सादगी और शालीनता ने उन्हें काफी प्रभावित किया और दोनों परिवारों के बीच रिश्ता तय हो गया।