नवादा : जिले के नारदीगंज प्रखंड क्षेत्र के राजकीय बुनियादी विद्यालय, डोमावर-कुझा में संस्कृति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। मौका था विद्यालय परिसर में छठ पूजन महोत्सव का आयोजन हुआ। यहां छठी मैया के पारंपरिक गीतों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। विद्यालय में महापर्व छठ के उपलक्ष्य में होने वाले अवकाश से पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।

प्रधानाध्यापक सरयुग प्रसाद की अध्यक्षता तथा नवनियुक्त अध्यापक मुकुन्द माधव तिवारी के दिशा-निर्देशन में समस्त विद्यालय परिवार के सहयोग से इन कार्यक्रमों में बहन कुमारी निशा, पुष्पा, ज्योति, खुशबू, चांदनी (कक्षा अष्टम्) व कक्षा षष्ठम् से बहन पुष्पा, चांदनी, अञ्जलि व अञ्जनी ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। अध्यापिका रेखा ने साज सज्जा का कार्यभार सम्भाला।
विद्यालय परिसर में ही पवित्र छठ घाट का निर्माण किया गया। जहां छात्र व छात्राओं ने प्रतीकात्मक सूर्य को अर्घ्य दान अर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में हाथ मे सूप, फल,लेकर मनमोहक झांकी सजाई जो आकर्षक बना रहा। यहां बच्चे तीन दिवसीय वृहत कार्यक्रम से बहुत प्रसन्न थे। रंगोली, मृद भांड निर्माण तथा छठ अर्घ्य पर समाप्त हुई कार्यक्रमों की यह श्रृंखला पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी सफलता पूर्वक सम्पन्न हुई। इस दौरान भैया अरविंद, रजनीश (कक्षा-८), निशान्त कुमार (कक्षा-७) तथा अंकित (कक्षा-६) ने भी अपनी सक्रिय भूमिका निभायी। आशा है विद्यालय और गुरु की यह भूमिका चिरकाल तक उनके प्रशस्ति गीत गाती रहे और समाज को उनके महत्व का स्मरण कराती रहे।
भईया जी की रिपोर्ट

