नवादा : जिले के सिरदला प्रखंड कार्यालय में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आवागमन को सुगम करने के उद्देश्य से जरूरतमंद लाभुकों के बीच बैटरी चालित तीन पहिया वाहनों का वितरण किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने पात्र दिव्यांग लाभुकों को इलेक्ट्रिक तीन पहिया वाहन की चाबी सौंपकर उन्हें रवाना किया।
इस अवसर पर बीडीओ अमित कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। बैटरी चालित तीन पहिया वाहन मिलने से उन्हें आवागमन में काफी सहूलियत होगी। छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे अपने दैनिक कार्य आसानी से पूरा कर सकेंगे।
बीडीओ ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है। प्रखंड क्षेत्र के सभी जरूरतमंद और पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। कोई भी पात्र लाभुक सरकारी सुविधा से वंचित नहीं रहे, इसके लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक पहल की जायेगी।
उन्होंने लाभुकों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने और उनका लाभ उठाने की अपील की। बैटरी चालित वाहन मिलने से दिव्यांग लाभुकों के चेहरे पर खुशी दिखी। लाभुकों ने सरकार और प्रखंड प्रशासन के प्रति आभार जताया। मौके पर प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी पुरुषोत्तम चौधरी, कार्यपालक सहायक संजीव कुमार सहित प्रखंड के विभिन्न विभागों के कर्मी उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट