भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में शामिल होने बिहार के पूर्णिया पहुंचे असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल के वोट चोरी संबंधी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि देश में वोट नहीं, बल्कि लोगों के दिल जीते जा रहे हैं। पीएम मोदी ने भारत के लोगों के दिल की चोरी की है। यदि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से किसी मुद्दे पर बहस करनी है, तो उसका सबसे उचित मंच संसद है। लेकिन यह विडंबना है कि वे संसद का सामना करने से मुंह चुराकर भाग रहे हैं।

भाजपा की पदयात्रा में बोलते हुए हिमंत सरमा ने कहा कि राहुल गांधी देश में वोट चोरी होने का नया तर्क लेकर आए हैं। लेकिन मेरी नजर में इस देश में यदि कुछ चोरी हो रहा है तो वह वोट नहीं बल्कि दिल हैं। जब लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का समर्थन करते हैं तो उसे वोट चोरी नहीं कहा जा सकता। उन्होंने दावा किया कि देशभर में लोगों का उत्साह भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। अपने बयान में हिमंत सरमा ने सीमांचल, असम और पश्चिम बंगाल की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि बाबर और औरंगजेब जैसे नाम हटाए जाते हैं तो यह वोट चोरी नहीं बल्कि दिलों की जीत है।
असम सीएम ने कहा कि निर्वाचन आयोग को पूरे देश में एक बार फिर SIR की प्रक्रिया चलानी चाहिए और बाबर तथा औरंगजेब के नाम हटाने चाहिए। सरमा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी मिलकर राहुल गांधी को बांग्लादेश में उतारने का काम करेंगे, जहां वह चुनाव जीत सकते हैं। राहुल गांधी के उस वीडियो का भी उन्होंने जिक्र किया जिसमें वे हाथ में गुलाब लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिवाली की शुभकामनाएं दे रहे हैं। सरमा ने कहा कि राहुल गांधी, गुलाब का फूल तो वैलेंटाइन डे पर दिया जाता है, दिवाली पर नहीं। राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और यदि उन्हें प्रधानमंत्री से बहस करनी है तो उसके लिए संसद मौजूद है.

