नवादा : जिले में युवाओं को मतदान और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए 4 नवंबर 2026 को युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माई भारत, नवादा की ओर से यह आयोजन न्यू मगध आईटीआई परिसर में होगा। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नो योर वोट’ यानी अपने मताधिकार को जानें रखा गया है। इसमें नवादा के सांसद विवेक ठाकुर भी शामिल होंगें।

माई भारत की जिला कोऑर्डिनेटर अपूर्वा आदित्य ने बताया कि कार्यक्रम में युवाओं को सांसद के सामने अपने विचार, सुझाव, समस्याएं और अपेक्षाएं रखने का अवसर मिलेगा। इसके जरिए युवा अपनी बात सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंचा सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को लोकतंत्र में उनकी भूमिका, मतदान के महत्व और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान, मताधिकार के सही इस्तेमाल और एक जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों के बारे में भी बताया जाएगा।
इस संवाद का उद्देश्य युवाओं और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। इसके साथ ही सामाजिक विकास, युवा सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। माई भारत, नवादा की यह पहल विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य के अनुरूप युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक समझ और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने की दिशा में उठाया गया कदम है। संस्था ने जिले के युवाओं से कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक शामिल होने की अपील की है।
भईया जी की रिपोर्ट

