नवादा : पटना में 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित बिहार राज्य अंतर प्रमंडल विद्यालय अंडर-14 एवं अंडर-19 बालिका ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में नवादा की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में नवादा की खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण समेत कुल पांच पदक अपने नाम किये। उनके प्रदर्शन के दम पर अंडर-14 बालिका वर्ग में मगध प्रमंडल को ओवरऑल उपविजेता की ट्रॉफी मिली।

स्वर्ण पदक जीतने वालों में अनुष्का कुमारी ने अंडर-14 बालिका वर्ग के 35 किलोग्राम भार वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।।। वहीं, खुशी कुमारी ने 29 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में रिमी नारायण ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया, जबकि रूपम पांडे ने 40 किलोग्राम और प्राची कुमारी ने 42 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर नवादा की पदक तालिका में इजाफा किया।
पांच खिलाड़ियों ने दिलाये पांच पदक
पांच पदक विजेता खिलाड़ियों में अनुष्का कुमारी और खुशी कुमारी ने स्वर्ण, रिमी नारायण ने रजत तथा रूपम पांडे और प्राची कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया. इन पांच पदकों की बदौलत मगध प्रमंडल को अंडर-14 बालिका वर्ग में ओवरऑल उपविजेता बनने का गौरव मिला। जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव सोनू कुमार ने इस उपलब्धि पर खुशी जतायी।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे जिला ताइक्वांडो के मुख्य कोच कौशल कुमार और रवि रंजन के साथ मुकुल कुमार, वरुण कुमार, निर्जल कुमार तथा राष्ट्रीय ताइक्वांडो रेफरी कन्हैया कुमार, विकास कुमार, सुभाष कुमार और अलीशा राज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सभी के मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और मेहनत का परिणाम है कि नवादा की बेटियों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया। इस चैंपियनशिप में नवादा की राष्ट्रीय ताइक्वांडो रेफरी अलीशा राज का चयन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से जारी पत्र के माध्यम से किया गया था। प्रतियोगिता में टीम प्रभारी की जिम्मेदारी कौशल कुमार ने निभायी।

संघ और खेल पदाधिकारियों ने दी बधाई
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष डॉ. आरपी साहू और जिला खेल पदाधिकारी रवि ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष श्रवण बरनवाल, शिवकुमार प्रसाद, कोषाध्यक्ष कन्हैया कुमार, खेल कार्यालय के सुनील जी एवं राहुल कुमार, पूर्व कराटे कोच रवि शंकर कुमार, नीरज कुमार, वरीय खिलाड़ी रूपम पांडेय, स्वीटी कुमारी, आलिया राज सहित अन्य खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता जतायी और उन्हें शुभकामनाएं दीं। नवादा की बेटियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।

भईया जी की रिपोर्ट
