नवादा : खेल के क्षेत्र में नवादा के आरपीएस कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल के छात्र अमित कुमार ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। अमित कुमार ने पहले राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बीएसएसए (BSSA) के खिलाड़ी को फाइनल मुकाबले में पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए बिहार की टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
इसके बाद दिल्ली में आयोजित एसजीएफआई (SGFI) की 17वीं राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अमित कुमार ने बिहार का प्रतिनिधित्व किया। राष्ट्रीय स्तर पर देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले में अमित ने अपने दमदार खेल का परिचय दिया। उन्होंने झारखंड, मणिपुर और हरियाणा के खिलाड़ियों को शिकस्त देकर कांस्य पदक हासिल किया और बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
इस प्रतियोगिता में बिहार की ओर से कुल 11 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, लेकिन पूरे बिहार से पदक जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी अमित कुमार बने। यह उपलब्धि न केवल नवादा जिले के लिए बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है। अमित की इस दोहरी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी इस उपलब्धि से आरपीएस कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल में खुशी का माहौल है।
विद्यालय प्रबंधक इंजीनियर रंजन कुमार, प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अमित कुमार को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधक इंजीनियर रंजन कुमार ने कहा कि अमित की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव प्रोत्साहन देता रहेगा। राज्य स्तर पर स्वर्ण और राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतकर अमित कुमार ने नवादा की मिट्टी की प्रतिभा को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
भईया जी की रिपोर्ट