नवादा : गंगा जलापूर्ति योजना के तहत जमीन अधिग्रहण और उचित मुआवजे की मांग को लेकर नारदीगंज प्रखंड के मोतनाजे गांव के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। मंगलवार को मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीण विशाल रैली के रूप में समाहरणालय मार्च कर रहे थे। हालांकि, धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने के कारण प्रशासन ने गोनावां के समीप बैरिकेडिंग कर आंदोलनकारियों और ग्रामीणों को रोक दिया।
इस दौरान विरोध प्रदर्शन को समर्थन देने पहुंचे बक्सर सांसद सुधाकर सिंह, गोबिन्दपुर के पूर्व विधायक मोहम्मद कामरान, किसान नेता दिनेश कुमार, अशोक प्रसाद सिंह और पप्पू सिंह को पुलिस ने हिरासत (डिटेन) में ले लिया। नारदीगंज स्थित गंगा जलापूर्ति योजना के तहत मोतनाजे गांव में सरकार द्वारा एक जलकुंड का निर्माण किया जाना है, जिसके लिए बड़े पैमाने पर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है।
ग्रामीण और किसान लंबे समय से अधिग्रहित की जा रही जमीन के उचित और न्यायसंगत मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर आज ग्रामीण एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने के लिए समाहरणालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन प्रशासनिक सख्ती के कारण मामला गरमा गया। प्रशासन द्वारा नेताओं और ग्रामीणों को रोके जाने के बाद इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
भईया जी की रिपोर्ट
