कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पटना में बिहार के पूर्व सीएम श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर विवादों में घिर गए हैं। बापू सभागार में उनके संबोधन के दौरान एक युवा कांग्रेसी ने उन्हें टोका कि कांग्रेस को मजबूत कीजिए, बैशाखी से कांग्रेस को हटाइए, नहीं तो मोदी नहीं हटेंगे। इसपर खरगे ने भड़कते हुए कह दिया कि ‘मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा’। अब बीजेपी ने खरगे के इसी बयान को गुंडों वाली भाषा बताते हुए उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पटना के कोतवाली थाना में बीजेपी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पुलिस से मामले की जांच करने और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
यह मामला पटना के बापू सभागार में बीते दिन बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम से जुड़ा है। इस कार्यक्रम में संबोधन के दौरान एक युवक द्वारा टोके जाने के बाद खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर टिप्पणी की, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। बात में कार्यक्रम के दौरान ही टोकाटोकी पर उस युवक की अन्य कांग्रेसियों ने पिटाई भी कर दी। बीजेपी ने एक्स हैंडल पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इनके युवराज इसी खीझ में कभी सड़क पर महिला पुलिसकर्मियों से गलत बर्ताव करते हैं, तो कभी अपने ही नेताओं से धक्का-मुक्की करते हैं। इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। वहीं बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि खरगे द्वारा प्रधानमंत्री के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है। इसबीच बिहार सीएम सम्राट चौधरी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिताजी के प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी की निंदा करते हुए उनके और कांग्रेस द्वारा देश से माफी मांगने को कहा है।