नवादा : जिले के धमौल थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवाड़ मोड़ के समीप दो बाइकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में शेखपुरा के ग्रामीण चिकित्सकय की मौत हो गयी, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतक की पहचान शेखपुरा जिले के महुली थाना क्षेत्र के अफरडीह गांव निवासी नंदकिशोर चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। घायलों में इसी गांव के शैलेंद्र मिस्त्री के पुत्र मनजीत कुमार और लखन्द्र मांझी के पुत्र रोहित कुमार शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार ग्रामीण चिकित्सक के रूप में लोगों का इलाज करता था। वह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से दवा खरीदने धमौल बाजार गया था। दवा खरीदकर लौटने के दौरान रेवाड़ मोड़ के समीप उनकी बाइक की बुलेट बाइक से जोरदार टक्कर हो गयी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में सोनू कुमार की मौके पर मौत हो गयी, जबकि मनजीत कुमार और रोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने सोनू कुमार के शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।
भईया जी की रिपोर्ट

