– खादिम शोरूम सहित कई दुकानें जलकर राख
नवादा : जिले के पकरीबरावां प्रखण्ड मुख्यालय बाजार दक्षिणी ग्राम पंचायत की मुखिया प्रतिनिधि फारुख आजम के मार्केट में शनिवार की देर शाम भयंकर आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संभावना जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट से आग लगी है। घटना साढ़े सात बजे शाम के आस पास की है।

आस पास के लोग बताते हैं कि पहले मार्केट स्थित खादिम शो रूम में जूता चप्पल की दुकान में आग लगी। उसके बाद मार्केट के अन्य दुकानों में आग लग गई। आग लगने के बाद बाजार में अफरा- तफरी की स्थिति मच गई। आस पास के दुकान वाले बेचैन हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थी कि किसी की हिम्मत नहीं हुई कि आग को बुझाने का प्रयास करे।
बताया जाता है कि मार्केट में खादिम शो रूम के अलावा, एक मॉल, एक मोबाइल की दुकान, एक मनिहारी दुकान एवं अन्य दुकान है।घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष रंजन चौधरी पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उसके बाद फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी।
सूचना के बाद फायर ब्रिगेड के पहुंचने में देर हुई। तबतक दुकानों में रखे सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थी कि एक के बाद एक फायर ब्रिगेड के कई वाहनों को बुलाना पड़ा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पकरीबरावां बाजार में बिजली आपूर्ति बंद कर दिया गया है। अगलगी में हुए नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है। सूचना अंचल अधिकारी को उपलब्ध करायी गयी है।

भईया जी की रिपोर्ट
