बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों के लिए आज शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ। चुनाव आयोग ने मतदान की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। वोटिंग आज शाम 4 बजे तक चलेगी और मतों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। MLC की 8 सीटों वाले इस चुनाव में कुल 150 प्रत्याशी अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें एनडीए से भाजपा और जदयू चार-चार सीटों पर दांव खेल रहे हैं। वहीं, जन सुराज पार्टी ने सभी आठों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसके साथ ही राजद, कांग्रेस और निर्दलीयों ने भी काफी दमदार मौजूदगी इस चुनाव में बना रखी है। विधान परिषद की इन 8 सीटों में 4 स्नातक निर्वाचन और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की हैं और इन सीटों के लिए कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि कुल वोटरों की संख्या 5 लाख से अधिक है।
मोकामा में नीरज-अनंत समर्थक भिड़े, हंगामा
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार अब तक के मतदान में सबसे तेज वोटिंग शिक्षक सीटों पर हो रही है। सुबह दस बजे तक शिक्षक सीटों पर औसत वोटिंग 10 प्रतिशत से अधिक रही। दूसरी ओर स्नातक सीटों पर मतदान का प्रतिशत तुलनात्मक रूप से कम है। सुबह 10 बजे तक सारण शिक्षक सीट पर 13.56 प्रतिशत, पटना शिक्षक सीट पर 12.88 प्रतिशत, दरभंगा टीचर सीट पर 12 प्रतिशत और तिरहुत शिक्षक सीट पर में 5.88 प्रतिशत वोटिंग दर्ज किया गया। वहीं स्नातक सीटों में 10 बजे तक कोसी में 5.15 प्रतिशत, पटना में 5.5 प्रतिशत, तिरहुत में 4.81 प्रतिशत और दरभंगा में 8 प्रतिशत मतदान हो पाया। इसबीच पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सीधी टकराव के कारण चुनाव सबसे रोचक बन गया है। यहां मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी जेडीयू के प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ बगावत कर दी है। वह प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज उम्मीदवार के समर्थन में उतर आए हैं।
इधर विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों के लिए जारी मतदान के बीच आज सुबह मोकामा से हंगामे की खबर है। यहां जनसुराज और जेडीयू के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मतदाताओं को वोट देने से रोकने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ रामकृष्ण मौके पर पहुंचे और हालात संभाला। बताया जाता है कि मोकामा में एक मतदान केंद्र के पास अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थक आपस में भिड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को खदेड़ दिया और कई लोगों को हिरासत में ले लिया। इसबीच बिहार विधान परिषद चुनाव के मतदान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार आज सुबह अचानक पटना स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे। दफ्तर पहुंचकर उन्होंने मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं से विभिन्न क्षेत्रों में हो रही वोटिंग का ताजा फीडबैक लिया।