नवादा : नगर के रेलवे कॉलोनी और पुरानी कचहरी रोड स्थित दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा की विदाई के अवसर पर सिंदूर होली का आयोजन किया गया। इस दौरान बंगाली परंपरा और धार्मिक आस्था की झलक देखने को मिली। पूजा समिति की महिला सदस्यों के साथ स्थानीय महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

बंगाली परंपरा के अनुसार हुआ आयोजन
रेलवे कॉलोनी और पुरानी कचहरी रोड स्थित पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा बंगाली परंपरा के अनुसार स्थापित की जाती है। इसी परंपरा को निभाते हुए विजयादशमी के बाद मां की विदाई के अवसर पर सिंदूर होली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह देखते ही बना।
सुहाग और सौभाग्य की मंगलकामना
सिंदूर होली बंगाली समाज की महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में शामिल है। इस रस्म में महिलाएं मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित करने के बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाती हैं। यह परंपरा सुहाग, सौभाग्य और सुखमय जीवन की मंगलकामना से जुड़ी है। यह महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, एकता और सौहार्द का संदेश देती है।
भावुक माहौल में मां को दी विदाई
पूजा पंडालों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा। मां दुर्गा की विदाई को लेकर श्रद्धालुओं में भावुकता दिखी, वहीं सिंदूर होली ने आयोजन को खास रंग दिया। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर आगमन की कामना की। रेलवे कॉलोनी और पुरानी कचहरी रोड के पूजा पंडालों में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से बंगाली संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों की सुंदर झलक देखने को मिली।

भईया जी की रिपोर्ट
