भागलपुर स्थित नवगछिया में आज गुरुवार की सुबह—सुबह एक दंपती के डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। यहां दीयारा के इस्माइलपुर हटिया में एक दुकान में सो रहे पति-पत्नी को बदमाशों ने गोली मार दी। इस वारदात के बाद इलाके के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित पब्लिक ने शव को उठाने से रोक दिया। बताया जा रहा है कि दंपती अपनी चाय-नाश्ते की दुकान में सो रहे थे, तभी बदमाशों ने पहले पति को गोली मारी। इसके बाद हमलावरों ने जान बचाकर भागती पत्नी के ऊपर भी फायरिंग झोंक दी जिससे उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान इस्माइलपुर निवासी नंदलाल मंडल के पुत्र रंजन मंडल और उसकी पत्नी किरण देवी के रूप में की गई है। वारदात को आज तड़के 4 बजे भोर के पास अंजाम दिया गया।

बताया जा रहा है कि दोनों पति—पत्नी अपनी चाय-नाश्ते की दुकान में सो रहे थे। तभी बदमाशों ने धावा बोला और जबरन दुकान में घुसकर उन पर गोलियां बरसा दीं। सूचना पर पहुंची पुलिस को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। बौखलाए ग्रामीणों ने गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने देने से पुलिस को रोक दिया। दोनों पति—पत्नी चाय-नाश्ते की दुकान चलाकर गुजारा करते थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक अपराधियों ने पहले दुकान में सो रहे रंजन को गोली मारी। इसके बाद घर की ओर जा रही किरण देवी पर भी गोलीबारी की जिससे उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना पर इस्माइलपुर और गोपालपुर पुलिस एएसपी सायम रजा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार दो दिन पहले मृतक के भाई की ढाई वर्षीय बच्ची भी लापता हो गई थी। हालांकि बच्ची के लापता होने और दंपती की हत्या के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर हत्या के बाद से मृतकों के परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि बदमाशों ने दोनों को गोली मारकर हत्या कर दी। इससे पहले भी बदमाशों ने परिवार को डराने धमकाने की कोशिश की थी। इसके साथ ही कहा जा रहा है कि दो दिन पहले परिवार की एक बच्ची लापता हो गई थी। उसकी गुमशुदगी को लेकर भी बदमाशों पर शक जताया जा रहा है। परिजनों ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
