नवादा : जिले में दुर्गापूजा के दौरान किन्नर समाज ने सेवा और सामाजिक सहभागिता की मिसाल पेश की। रसभरी किन्नर उर्फ बालो माई के ग्रुप की ओर से नवमी पर अकबरपुर पूजा पंडाल के पास और विजयादशमी पर गोविंदपुर में भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच पूड़ी-सब्जी, मिठाई, खीर और शरबत वितरित किए गए। ग्रुप के सदस्यों ने कहा कि आम जनता ही उनका परिवार है और समाज सेवा उनके लिए महत्वपूर्ण है।

दुर्गापूजा के अवसर पर रसभरी किन्नर उर्फ बालो माई के ग्रुप की ओर से अकबरपुर और गोविंदपुर में भंडारे का आयोजन किया गया। नवमी के दिन अकबरपुर पूजा पंडाल के समीप श्रद्धालुओं को भोजन कराया गया वहीं, विजयादशमी के दिन गोविंदपुर में सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक सेवा का सिलसिला जारी रहा।
भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं के बीच पूड़ी-सब्जी, मिठाई, खीर और शरबत का वितरण किया गया। लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। दुर्गापूजा के दौरान आयोजित सेवा कार्य के जरिए ग्रुप ने धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सहभागिता का संदेश देने का प्रयास किया। रसभरी किन्नर उर्फ बालो माई के ग्रुप के सदस्यों का कहना है कि आम जनता ही उनका परिवार है। वे लोगों को अपना मालिक मानते हैं और आशीर्वाद देकर जो कुछ कमाते हैं, उसे समाज सेवा में लगाने का प्रयास करते हैं।
उनका कहना है कि सुख हो या दुख, वे हमेशा जनता के साथ खड़े रहने की कोशिश करेंगे। ग्रुप के सदस्यों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी लोग धन-धान्य से संपन्न रहें और उनके जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और सहयोग मिलता रहा, तो वे आगे भी सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेते रहेंगे। माता रानी से सभी के कल्याण की कामना करते हुए उन्होंने लोगों पर आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की।

भईया जी की रिपोर्ट
