बेगूसराय मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी चौक पर दुर्गा पूजा के जागरण कार्यक्रम में जमकर हंगामा हो गया। यहां तैनात एक दारोगा ने कार्यक्रम रुकवाने के लिए मंच पर चढ़कर एक महिला डांसर को थप्पड़ जड़ दिया। दारोगा की इस हरकत का जब लोगों ने विऱोध किया तो उन्होंने भीड़ पर अपनी सर्विस पिस्टल तान दी। लोगों ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात दरोगा अनिल कुमार झा ने मंच पर डांस कर रही महिला डांसर को थप्पड़ मारा और धक्का देकर नीचे उतार दिया। घटना के बाद भीड़ आक्रोशित हो गई और दरोगा से धक्का मुक्की करने लगी। इसके बाद दरोगा ने पिस्टल निकाली और भीड़ पर तान दिया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने सामने आया है।
बताया जा रहा है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी चौक के पास आयोजित दुर्गा पूजा जागरण कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दरोगा अनिल झा को मिली थी। बीती देर रात तीन बजे के आसपास दारोगा ने अश्लीलता होने की बात करते हुए कार्यक्रम रोकने को कहा। डांसर को थप्पड़ मारने से पहले दरोगा ने कार्यक्रम के आयोजक के साथ भी मंच पर प्रोग्राम रोकने को कहा था जिस दौरान आयोजकों से कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई थी। दरोगा के कहने के बावजूद जब कार्यक्रम बंद नहीं हुआ तो वे मंच पर चढ़ गए। वहीं, एसपी मनीष ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र की वैष्णवी दुर्गा स्थान पानगाछी में पूजा पंडाल और मंच से संबंधित वायरल वीडियो मिला है।
इय वीडियो में दिख रहा है कि देर रात मंच पर कुछ डांसर अश्लील डांस कर रही है। अशोभनीय डांस करने से उत्पन्न अव्यवस्था को नियंत्रित करने के उद्देश्य से वहां पर तैनात पुलिस पदाधिकारी द्वारा मंच पर चढ़कर डांसर को हटाने तथा आयोजकों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति दिखाई दे रही है। दरोगा द्वारा महिला डांसर को थप्पड़ मारे जाने के बाद भीड़ में अफरा-तफरी मच गई थी। हर कोई इसका विरोध कर रहा था। दरोगा ने स्थिति को संभालते हुए अपनी वर्दी से पिस्टल निकाल ली और लोगों के बीच उसे लहरा दिया। ये देख वहां मौजूद भीड़ तितर-बितर हो गई।
