– हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और जेसीबी से पुष्पवर्षा कर समर्थकों ने किया स्वागत, उमड़ी लोगों की भारी भीड़
पटना/बाढ़: मोकामा विधानसभा क्षेत्र के जद(यू) विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार के समर्थन में भव्य रोड शो किया। इस दौरान समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। जगह-जगह हाथी-घोड़ों, बैंड-बाजे और कतारबद्ध जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा कर विधायक अनंत सिंह एवं उनके काफिले का जोरदार स्वागत किया गया।
विधायक अनंत सिंह का यह रोड शो बाढ़ विधानसभा क्षेत्र के सबनीमा से शुरू होकर मोकामा विधानसभा क्षेत्र के बाहापर तक आयोजित किया गया। उनके पटना स्थित आवास से निकलने के बाद काफिला बख्तियारपुर पहुंचा, जहां समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद काफिला सबनीमा पहुंचा, जहां से रोड शो की शुरुआत हुई। सुबह से ही स्थानीय लोग उनके आगमन की तैयारियों में जुटे थे और बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उनके पहुंचते ही लोगों ने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ उनका स्वागत किया।
सबनीमा से शुरू हुआ काफिला अथमलगोला, अचुआरा, दाहौर और मलाही होते हुए बाढ़ के कचहरी चौक पहुंचा। काफिले में बड़ी संख्या में वाहन और समर्थक शामिल थे। कचहरी चौक पहुंचते ही समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। काफिले में सबसे आगे हाथी-घोड़े और बैंड-बाजे चल रहे थे। उनके पीछे खुली जीप और फिर विधायक अनंत सिंह की लैंड क्रूजर गाड़ी थी। भुवनेश्वरी चौक पहुंचने से पहले विधायक अनंत सिंह अपनी लैंड क्रूजर गाड़ी से उतरकर खुली जीप में सवार हो गए। इस दौरान एनएच-31 के किनारे उनके स्वागत के लिए कई जेसीबी मशीनें कतारबद्ध खड़ी थीं। इन जेसीबी मशीनों से विधायक और उनके काफिले पर फूलों की वर्षा की गई। इस दृश्य को देखने के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।
रोड शो के दौरान विधायक अनंत सिंह का काफिला सड़क किनारे स्थित मां दुर्गा के विभिन्न पूजा पंडालों के पास रुका। विधायक ने पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया। वहीं, पूजा पंडालों के संचालकों ने माता की चुनरी ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। भुवनेश्वरी चौक के बाद बाढ़ शहर के कांग्रेस मैदान, अस्पताल चौक, एएनएस कॉलेज मोड़, काजीचक और गुलाबबाग में भी विधायक का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उनका काफिला ढीबर, रैली और सहनौरा होते हुए बाढ़ अनुमंडल के पंडारक पहुंचा। यहां भी समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया और जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा की।
पंडारक में स्वागत के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत विधायक अनंत सिंह की गाड़ी के आगे और पीछे चल रही दो-दो गाड़ियों को छोड़कर काफिले के अन्य वाहनों को रोककर जांच की। जांच के बाद उनका काफिला मोकामा की ओर रवाना हो गया।एनएच-31 के किनारे स्थित विभिन्न गांवों में विधायक के स्वागत के लिए लोग घंटों खड़े रहे। जगह-जगह समर्थकों की भीड़ और स्वागत की तैयारियां देखने को मिलीं।
विधायक अनंत सिंह के स्वागत की तैयारियों में नगर परिषद के उपसभापति प्रतिनिधि रवि विद्यार्थी की प्रमुख भूमिका रही। वहीं, बाढ़ में उनके स्वागत का नेतृत्व भूषण सिंह ने किया। नगर परिषद के सभापति संजय कुमार, जिन्हें स्थानीय स्तर पर ‘गाय माता’ के नाम से भी जाना जाता है, भी स्वागत कार्यक्रम में सक्रिय रहे। पूरे रोड शो के दौरान जगह-जगह उमड़ी भीड़, फूलों की वर्षा और समर्थकों के उत्साह ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। क्षेत्र में विधायक अनंत सिंह के इस भव्य स्वागत की चर्चा होती रही।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट