नवादा : बिहार केसरी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह नवादा पहुंचे। शहर के धर्मशिला देवी अस्पताल में कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित की गयी, जिसमें 25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में होने वाले जयंती समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जयंती समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती का आयोजन उनके नेतृत्व में किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से वे नवादा पहुंचे हैं, ताकि जिले के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा सके। बैठक में मौजूद नेताओं ने भरोसा दिलाया कि वे पूर्व की तरह इस बार भी पूरी निष्ठा के साथ समारोह में भाग लेंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश कुमार उर्फ मंटन सिंह, हसुआ की पूर्व विधायक नीतू सिंह और धर्मशिला देवी अस्पताल के संचालक विकास कुमार समेत कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे। अस्पताल संचालक विकास कुमार ने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह में शामिल होना हमेशा उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगा। बैठक के माध्यम से जिले के कांग्रेस नेताओं ने समारोह में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिया।
भईया जी की रिपोर्ट

