नवादा : गया जी में आयोजित प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में वारिसलीगंज के संत टेरेसा इंग्लिश हाई स्कूल की अंडर-14 खो-खो टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है। टीम की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में मगध प्रमंडल के विभिन्न जिलों की टीमों ने भाग लिया था। कड़े मुकाबले के बीच संत टेरेसा इंग्लिश हाई स्कूल की टीम ने बेहतर खेल, तालमेल और फुर्ती का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक मुकाबले तक का सफर तय किया. टीम ने उपविजेता बनकर विद्यालय का मान बढ़ाया।

टीम की सफलता पर विद्यालय प्रबंधन अनूप थॉमस ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है. विद्यालय के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो सभी के लिए गर्व की बात है। विद्यालय प्रबंधन ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों, टीम कोच और अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
भईया जी की रिपोर्ट
