नवादा : दुर्गापूजा के अवसर पर आयोजित दशहरा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी बिहार राज्य भारत स्काउट एंड गाइड, नवादा के करीब 500 कैडेट संभालेंगे। कैडेट महाष्टमी से विजयादशमी तक निस्वार्थ भाव से सेवा देंगे। इसे लेकर हरिश्चंद्र स्टेडियम स्थित खेल भवन में जिला पदाधिकारी रवि कुमार ने कैडेटों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। डीएम ने कैडेटों के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि बिना किसी मानदेय के लगातार 10 वर्षों से दुर्गापूजा मेले में सेवा देना प्रशंसनीय है। ऐसे प्रयासों से युवाओं में अनुशासन, देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है।

ब्रीफिंग के दौरान कैडेटों को श्रद्धालुओं की सहायता करने, कतारबद्ध व्यवस्था बनाये रखने और भीड़ नियंत्रित करने का निर्देश दिया गया। किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल संबंधित मजिस्ट्रेट को देने को कहा गया, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। महाष्टमी, महानवमी और विजयादशमी के दौरान कैडेट मेले में बिछड़े बच्चों और परिवारों को मिलाने में सहयोग करेंगे। इसके अलावा बुजुर्ग श्रद्धालुओं को दर्शन कराने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने की जिम्मेदारी भी निभायेंगे। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराने में प्रशासन की मदद करना है।
जिला खेल पदाधिकारी रवि जी ने स्वच्छता पर जोर देते हुए कैडेटों से रोको-टोको अभियान चलाने और नगर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करने की अपील की। दुर्गापूजा सेवा समिति के अध्यक्ष अंशुमान जी ने भी कैडेटों को उपलब्ध करायी जाने वाली सुविधाओं और सेवा कार्यों पर चर्चा की। मौके पर जिला संगठन आयुक्त संतु कुमार, शारीरिक शिक्षक सह स्काउट मास्टर संतोष कुमार वर्मा, राजीव कुमार, सौरभ गिरी, मुरलीधर सहित अन्य प्रशिक्षक, पदाधिकारी और कैडेट उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट

