नालंदा में बीते दिन उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत की शराब तस्करों से मुठभेड़ में मौत की कहानी पूरी तरह झूठी निकली। जांच के बाद यह खुलासा हुआ है कि अजीत की मौत उसके साथ छापेमारी टीम में शामिल साथी महिला होमगार्ड जवान की राइफल से चली गोली से हुई। इस बात के ठोस सबूत मिले है जिसके बाद उत्पाद विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप हड़कंप मच गया है। बीते दिन शराब तस्करों का पीछा करने के दौरान पावापुरी के निकट उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत को अचानक एक गोली लगी। बाद में पटना के पीएमसीएच में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरू में ये कहा गया कि तस्करों की गोली सिपाही को लगी थी जिससे उसकी मौत हुई। लेकिन अब जांच में यह सामने आया कि सिपाही अजीत की मौत शराब तस्करों की गोली से नहीं, बल्कि अपनी ही टीम के एक महिला होमगार्ड जवान की राइफल से निकली गोली लगने के कारण हुई।

इस मामले में नालंदा पुलिस ने छापेमारी टीम का नेतृत्व कर रही महिला दारोगा को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ चल रही है। इसके अलावा गोली चलाने वाले होमगार्ड जवान समेत छापेमारी टीम में शामिल अन्य कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की गई है। नालंदा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के दौरान छापेमारी टीम के सदस्यों की भूमिका क्या रही थी। यह भी पता लगाया जा रहा है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के तत्काल बाद अधिकारियों को क्या जानकारी दी गई। शुरुआती तौर पर शराब तस्करों की फायरिंग में सिपाही के घायल होने की बात सामने आई थी। लेकिन इस कांड के बाद नालंदा पुलिस की जांच में गोली लगने की परिस्थितियों को लेकर अलग तथ्य सामने आए।
नालंदा पुलिस की जांच टीम ने बताया कि घटना के वास्तविक कारण की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई। टीम के नालंदा से बाहर निकलने के बाद फोन पर सिपाही के शराब तस्करों की गोलीबारी में घायल होने की सूचना दी गई थी। इसके बाद नालंदा पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। पूछताछ और जांच के दौरान गोली लगने की परिस्थितियों को लेकर नए तथ्य सामने आए जिसके बाद उत्पाद टीम की सारी कहानी पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी टीम के सदस्यों से पूछताछ शुरू की जिसके बाद नए तथ्य सामने आए जिसने शक को पुख्ता कर दिया। फिलहाल छापेमारी टीम को लीड कर रही दारोगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि महिला होमगार्ड और अन्य पर एफआईआर की तैयारी चल रही है।
