नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के अमावां गांव में मंगलवार की देर रात खड़ी बोलेरो में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और बोलेरो जलकर पूरी तरह खाक हो गई। अग्निकांड में वाहन मालिक को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों के अनुसार, बोलेरो काफी समय से गांव में एक ही जगह खड़ी थी। मंगलवार की देर रात करीब 12:30 बजे अचानक गाड़ी से आग की लपटें उठने लगीं। यह देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया और वाहन मालिक के परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। वाहन मालिक उपेंद्र प्रसाद यादव के पुत्र राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने बोलेरो (नंबर जेएच 02 एल2412) करीब दो वर्ष पहले खरीदी थी। पिछले डेढ़ महीने से गाड़ी अमावां गांव में ही खड़ी थी और उसका कहीं आना-जाना नहीं हो रहा था। उन्होंने बताया कि गाड़ी में आग कैसे लगी, इसकी जानकारी नहीं है। आग लगने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना को लेकर थाना में आवेदन दिया गया है।
गाड़ी में आग लगने के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी असामाजिक तत्व की ओर से आग लगाई जा सकती है। हालांकि, इनमें से किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रजौली थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और पुलिस इसकी छानबीन कर रही है। पीड़ित की ओर से आवेदन मिलने पर अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट
