नवादा : स्नातक चुनाव को लेकर जेडीयू ने मंगलवार को नगर के गांधी इंटर विद्यालय के खेल मैदान में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी नीरज कुमार के लिए समर्थन में चुनावी सभा आयोजित की। सभा में शामिल होने के लिए मंच पर पहुंची जेडीयू की स्थानीय विधायक विभा देवी अचानक भड़क गईं। विभा देवी ने मंच पर ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और पार्टी के अन्य नेताओं के सामने जिलाध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक को जमकर फटकार लगा दी।
दरअसल जेडीयू की विधायक विभा देवी जब कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंची तो कार्यक्रम स्थल के गेट पर लगे पोस्टर-बैनर में उनकी तस्वीर नहीं थी। ये देख किसी तरह विभा देवी ने अपना गुस्सा कंट्रोल किया। लेकिन, जैसे ही वह मंच पर पहुंची तो देखा मंच पर लगे पोस्टर बैनर में भी उनकी तस्वीर नहीं है, जबकि जिलाध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक को जगह मिली हुई है। ये देख विभा देवी भड़क गई।
कार्यक्रम में मौजूद निशांत कुमार और जेडीयू ने अन्य वरिष्ठ नेताओं के सामने जदयू विधायक विभा देवी ने मंच पर ही पार्टी के जिलाध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक को फटकार लगाते हुए इसे अपना अपमान बताया। इस दौरान मंच पर थोड़ी देर के लिए माहौल गर्म हो गया। निशांत कुमार ये सब देखते रहे। फिर पार्टी ने अन्य वरिष्ठ नेताओं ने दखल देकर किसी तरह मामले को संभाला। फिर कार्यक्रम शुरू हुआ।
कार्यक्रम को पहले निशांत कुमार ने संबोधित किया। बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में जो विकास कार्य हुए, उन्हें आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार नीतीश के दिखाए मार्ग पर चलते हुए काम कर रही है। हमें सरकार को मजबूत सरकार की आवश्यकता है।
जेडीयू एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार के लिए आयोजित की गई सभा में जेडीयू और एनडीए के प्रदेशस्तरीय कई नेता शामिल हुए। जेडीयू की ओर से निशांत कुमार, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, रोलोमो से मंत्री दीपक प्रकाश, लोजपा (रामविलास) से अरुण भारती सहित अन्य नेता सभा में शामिल हुए। कार्यक्रम में एनडीए की एकजुटता, शिक्षित उम्मीदवार और बिहार के विकास के मुद्दे छाए रहे।
भईया जी की रिपोर्ट