नवादा : नालसा एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविन्द कुमार के निर्देश के आलोक में दिनांक 21.11.2026 को आयोजित होने वाली धारा 138 एन०आई० एक्ट से संबंधित वादों के निष्पादन हेतु विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए लाइब्रेरी हॉल, व्यवहार न्यायालय में बैठक संपन्न हुई।
बैठक में विशेष लोक अदालत में धारा 138 एन०आई० एक्ट से संबंधित वादों के निष्पादन, आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं स्थायी लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। बैठक के क्रम में सभी बैंकों को अधिक से अधिक धारा 138 एन०आई० एक्ट से संबंधित वादों में पक्षकारों को नोटिस निर्गत करने हेतु कहा गया।
बैठक में उपस्थित एल०डी०एम० एवं मुख्य प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक, को निर्देश दिया गया कि अन्य सभी बैंकों को उक्त कार्य हेतु तत्परता से लगने के लिए कहें, ताकि विशेष लोक अदालत में अधिक से अधिक धारा 138 एन०आई० एक्ट से संबंधित वादों का निपटारा किया जा सके। साथ ही, चिह्नित वादों की सूची के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विशेष लोक अदालत की सफलता हेतु सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविन्द कुमार, लोक अदालत के अध्यक्ष अनिल कुमार, एल०डी०एम०, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, भूमि विकास बैंक, तथा सुशील कुमार, सहायक, जिला विधिक सेवा प्राधिकार उपस्थित हुए।
भईया जी की रिपोर्ट