नवादा : नवरात्र के उल्लास और उमंग के बीच नूतन उन्नति फाउंडेशन की ओर से महावीर मार्केट में आकर्षक डांडिया नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, पारंपरिक परिधानों और डांडिया की मधुर ताल के बीच कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम का उद्घाटन नूतन उन्नति फाउंडेशन के संरक्षक श्री हरि कृपाल जी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन वर्मा जी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्था की संचालिका नूतन बिहारी जी ने मुख्य अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस दौरान संस्था के सभी सम्मानित सदस्यगण उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद डांडिया नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति शुरू हुई। कलाकार अनुराधा, गुंजन एवं ग्रुप ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने पारंपरिक डांडिया की लय और ताल के साथ अपनी नृत्य प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की प्रस्तुति को आकर्षक रूप देने में डांस टीचर प्रियंका जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। डांडिया की तेज होती ताल के साथ कलाकारों के कदमों की खूबसूरत थिरकन और सामूहिक नृत्य ने वातावरण में उत्साह भर दिया। प्रस्तुति के दौरान दर्शक भी कलाकारों का उत्साह बढ़ाते हुए तालियां बजाते नजर आए। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और लोक परंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने कहा कि नूतन उन्नति फाउंडेशन सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ-साथ लोगों में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से मुख्य अतिथियों, कलाकारों,संगीत शिक्षक डांस टीचर एवं उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। डांडिया की शानदार प्रस्तुति के साथ महावीर मार्केट में देर तक उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।

भईया जी की रिपोर्ट
