नवादा : जिले के रोह थाना क्षेत्र में टोटो और ट्रैक्टर से बैटरी चोरी के मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से 22 बैटरियां बरामद की हैं। इसके अलावा बैटरियां ढोने में इस्तेमाल किए जा रहे मैजिक वाहन को जब्त किया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
चार वाहनों से चोरी हुई थीं बैटरियां
थानाध्यक्ष राहुल अभिषेक के अनुसार, मोरमा गांव निवासी रंधीर कुमार ने थाना में आवेदन देकर बैटरी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया कि 4 सितंबर 2026 की रात करीब 12 बजे अज्ञात चोरों ने उनके दो टोटो से छह बैटरियां और एक ट्रैक्टर से एक बैटरी चोरी कर ली।
अन्य वाहनों को भी बनाया था निशाना
शिकायत के अनुसार, उसी दौरान वाहन के पास खड़े मोरमा गांव निवासी बबलू कुमार के टोटो से चार बैटरियां और मुरारी कुमार के ट्रैक्टर से एक बैटरी चोरी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद रोह थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पांच आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान कौआकोल थाना क्षेत्र के बीजपंद गांव निवासी 22 वर्षीय इकबाल अख्तर, नवादा निवासी 30 वर्षीय आदित्य कुमार आर्य, कादिरगंज निवासी 25 वर्षीय जहांगीर अहमद और 21 वर्षीय रंजीत चौधरी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक नाबालिग आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है।
22 बैटरियां और मैजिक वाहन बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के पास से कुल 22 बैटरियां बरामद की गई हैं। बैटरियों को ढोने में इस्तेमाल किए जा रहे मैजिक वाहन को भी जब्त किया गया है। बरामद बैटरियों और जब्त वाहन के संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
सभी आरोपित भेजे गये न्यायिक हिरासत में
थानाध्यक्ष राहुल अभिषेक के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में मामले के अनुसंधानकर्ता एसआइ अशोक सिंह हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट