– 18 खेलों में दम दिखायेंगे खिलाड़ी
नवादा : खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन पांच से सात अक्टूबर तक किया जायेगा। प्रतियोगिता के लिए हरिश्चंद्र स्टेडियम, खेल भवन, आईटीआई खेल मैदान, इंडोर स्टेडियम, डीआईईटी सहित विभिन्न स्थलों का चयन किया गया है। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन और प्रतिभावान खिलाड़ियों के निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन के लिए तकनीकी निर्णायक मंडल एवं चयन समितियों का गठन किया गया है। एथलेटिक्स, कबड्डी, शतरंज, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, रग्बी, भारोत्तोलन, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, खो-खो, ताइक्वांडो, योग, कुश्ती, क्रिकेट, हैंडबॉल, बॉक्सिंग और साइकिलिंग समेत कुल 18 खेल विधाओं के लिए अलग-अलग तकनीकी पदाधिकारियों, शारीरिक शिक्षकों, प्रशिक्षकों, संघ के पदाधिकारियों और वरीय खिलाड़ियों को जिम्मेदारी दी गयी है।
पांच अक्टूबर को एथलेटिक्स, कबड्डी और वॉलीबॉल समेत कई खेल
पांच अक्टूबर को आईटीआई खेल मैदान में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग की एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित होगी। खेल भवन में कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिता होगी।अन्य निर्धारित स्थलों पर संबंधित खेलों का आयोजन किया जायेगा। छह अक्टूबर को शतरंज, तीरंदाजी, रग्बी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, खो-खो, ताइक्वांडो, योग, कुश्ती और क्रिकेट की प्रतियोगिताएं होंगी। सात अक्टूबर को हैंडबॉल, बॉक्सिंग और साइकिलिंग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
चयनित खिलाड़ियों की सूची सार्वजनिक करना होगा
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खेल संयोजक सह तकनीकी निर्णायक मंडल को चयनित खिलाड़ियों के नाम सार्वजनिक रूप से घोषित करने का निर्देश दिया गया है। खेल समाप्त होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची खेल कार्यालय में जमा करना भी संबंधित संयोजक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी। निर्धारित अवधि में परिणाम अथवा चयनित खिलाड़ियों की सूची घोषित नहीं करने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध नियमानुकूल कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है। इससे खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
एक दिन पहले पूरी करनी होगी मैदान की तैयारी
प्रतिनियुक्त शारीरिक शिक्षक, खेल शिक्षक, संबंधित खेल संघ के सचिव, वरीय खिलाड़ी और प्रशिक्षकों को अपने-अपने खेल मैदान की तैयारी एवं खेल संचालन की जिम्मेदारी दी गयी है। आयोजन से एक दिन पहले मैदान की सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है। विशेष परिस्थिति में चयन समिति के सदस्य तकनीकी पदाधिकारी के रूप में भी सहयोग करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन निर्धारित उच्चतम मानकों के अनुरूप कराने पर विशेष जोर दिया गया।
भईया जी की रिपोर्ट
