नवादा : जिले के रूपौ थाना क्षेत्र के सादिकपुर मोड़ के पास सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी। मृतक की पहचान सादिकपुर गांव निवासी मुंद्रिका यादव के पुत्र सकलू कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने रोह-रूपौ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया।
चलती बस से उतरने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सकलू कुमार नवादा से कौआकोल जा रही पप्पू ट्रैवलर्स की बस से अपने घर लौट रहा था। उसे सादिकपुर मोड़ के पास अपने गांव उतरना था। आरोप है कि बस नहीं रुकने पर किशोर ने चलती बस से उतरने का प्रयास किया। इसी दौरान वह सड़क पर सिर के बल गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गयी।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
किशोर की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये। आक्रोशित लोगों ने रोह-रूपौ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और मामले में उचित कार्रवाई की मांग करने लगे। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
पुलिस ने बस को किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही रूपौ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस संख्या BR 27 P 4766 को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। इस बावत रूपौ थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि सादिकपुर मोड़ के पास बस से गिरने के कारण 14 वर्षीय सकलू कुमार की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है
कार्रवाई के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम
सूचना मिलने पर पकरीबरावां पुलिस इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत की। पुलिस की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जायेगी।
भईया जी की रिपोर्ट