सुपौल में बीते दिन एक युवक का फिल्मी अंदाज में अपहरण और इस दौरान ग्रामीणों के विरोध पर फायरिंग के 24 घंटों के भीतर ही पुलिस ने न केवल अगवा युवक को सकुशल बरामद कर लिया बल्कि एक अपहर्ता को भी दबोच लिया। कल सोमवार को दिनदहाड़े युवक की बाइक में टक्कर मारने के बाद बदमाश उसे कार में बैठाकर ले गए थे। ग्रामीणों ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। लेकिन पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए वारदात के 24 घंटे के भीतर युवक को सकुशल बरामद कर अपहरण में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली। अपहरण की घटना भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज वार्ड नंबर-15 स्थित एसएच-91 पर हुई थी। अपहृत युवक छातापुर थाना क्षेत्र के महद्दीपुर गांव का रहने वाला जिशान खान बताया जाता है।
पुलिस ने अपहृत युवक जिशान खान को सकुशल बरामद करते हुए एक आरोपी को भी हिरासत में लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक अपहरण के दौरान दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की गई थी। घटना के बाद एसपी ने एसडीपीओ त्रिवेणीगंज दिलीप कुमार के नेतृत्व में SIT गठित की थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चार पहिया वाहन से आए अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही भीमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित जांच शुरू की। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अपहरण में शामिल लोगों की पहचान की फिर अररिया पुलिस के सहयोग से जिशान खान को सकुशल बरामद कर लिया।पकड़े गए अपहरणकर्ता ने पुलिस को बताया कि जिशान खान और आरोपियों के बीच अवैध कारोबार में रुपये के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते अपहरण की वारदात को अंजाम दिया गया।