नवादा : जिले के कादिरगंज बाजार में सोमवार को 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी राजेंद्र प्रसाद की पुत्री निशा कुमारी के रूप में की गई है। बंद कमरे में जलती हुई युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर परिजनों व ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त घर में केवल एक महिला मौजूद थी, जो स्नान करने गई हुई थी। इसी दौरान निशा अपने कमरे में गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ ही देर बाद कमरे के अंदर से भयानक चीखने की आवाजें आने लगीं। परिजनों और पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह दरवाजा तोड़ा और गंभीर रूप से झुलसी युवती को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक छानबीन में यह आशंका जताई जा रही है कि युवती ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई होगी। हालांकि, मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि बेटी ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, यह उनकी समझ से परे है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घर में न तो कोई विवाद था और न ही उसे किसी बात पर डांट-फटकार लगाई गई थी। परिवार वालों के अनुसार, उसे किसी अन्य व्यक्ति द्वारा परेशान किए जाने की बात भी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही कादिरगंज पुलिस बल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस इस बिंदु पर भी गहन जांच कर रही है कि यह महज आत्महत्या का मामला है या युवती को साजिश के तहत आग के हवाले किया गया । फॉरेंसिक और वैज्ञानिक जांच के जरिए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है और मामले की सूक्ष्मता से तफ्तीश कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, क्योंकि कमरे का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच आगे बढ़ा रही है और पोस्टमार्टम व जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। इस प्रकार एक ही दिन में तीन मौत की खबर जिले के लिए शुभ संकेत नहीं माना जा सकता। मौत का कारण जो हो लेकिन युवक व युवती की जला शव व एक युवक की लाठी डंडे से पीट पीटकर हत्या से पुलिस की भूमिका संदेहास्पद मानी जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट