नवादा : कथित तौर पर समाज की भावनाओं और सामाजिक सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले एक गीत के विरोध में नंदवंशी चेतना मंच के सदस्यों ने समाहरणालय पहुंचकर अपनी आपत्ति दर्ज करायी। मंच के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम रवि प्रकाश को ज्ञापन सौंपकर गायक गणेश लाल यादव के खिलाफ मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मंच के पदाधिकारियों का आरोप है कि संबंधित गीत में समाज की भावनाओं और सामाजिक गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली कथित आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर गीत की सामग्री और उसके प्रसारण से जुड़े तथ्यों की जांच कराने की मांग की। नंदवंशी चेतना मंच के सदस्यों ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सभी को प्राप्त है, लेकिन इसके नाम पर किसी समाज, समुदाय, परंपरा या सामाजिक पहचान का अपमान नहीं किया जाना चाहिए। मंच ने कहा कि समाज की गरिमा और सम्मान से जुड़े मामलों में वह लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सामग्री की जांच करायी जाए। जांच में यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान नंदवंशी चेतना मंच के जिलाध्यक्ष अयोध्या शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी बंटी कुमार, सलाहकार राजेश शर्मा, आशीष शर्मा, डॉ. संजय शर्मा, अविनाश शंकर, विपिन शर्मा, मुकेश शर्मा, गोपाल शर्मा, विक्की शर्मा, विक्रम शर्मा, कारू शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट