नवादा : जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20 वें एशियन गेम्स में भारतीय महिला रग्बी सेवन्स टीम में जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी आरती कुमारी का चयन हुआ है। 13 सदस्यीय भारतीय टीम में आरती कुमारी भी शामिल हैं। रग्बी सेवन्स प्रतियोगिता 1 से 3 अक्टूबर तक नागोया में आयोजित होगी। भारतीय महिला रग्बी टीम पूल बी में चीन, हांगकांग चीन और मलेशिया के साथ खेलेगी।आरती कुमारी के भारतीय टीम का हिस्सा बनने से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
वारिसलीगंज की रहने वाली हैं आरती
आरती कुमारी जिले के वारिसलीगंज क्षेत्र की रहने वाली हैं। साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में उनका चयन जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
बेहतर प्रदर्शन के बल पर भारतीय टीम में बनाई जगह
रग्बी के तकनीकी पदाधिकारी संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि आरती ने लगातार बेहतर प्रदर्शन और कठिन प्रशिक्षण के बल पर भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि आरती का चयन जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है तथा इससे जिले के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
गुड़िया कुमारी का भी भारतीय टीम में चयन
आरती कुमारी के साथ मुजफ्फरपुर की गुड़िया कुमारी का भारतीय महिला रग्बी टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से बिहार के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। भारतीय टीम एशियन गेम्स में पूल बी में चीन, हांगकांग चीन और मलेशिया के साथ खेलेगी।
राज्य खेल सम्मान से हो चुकी हैं सम्मानित
आरती के एशियन गेम्स के लिए रवाना होने पर जिला रग्बी संघ के अध्यक्ष ए.के. गुरु और सचिव विक्रम कुमार ने कहा कि आरती ने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि आरती को राज्य खेल सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा राज्य सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत उन्हें बिहार पुलिस में दरोगा की नौकरी प्राप्त हुई है।
जिले के खेल प्रेमियों ने दी शुभकामनाएं
आरती की उपलब्धि पर रंजीत कुमार, जूही कुमारी, सुनील कुमार, मनजीत कुमार, चंदन कुमार, पवन राज, गुलशन बाबू, कीर्ति रंजन, राहुल कुमार, कृष्णा यादव, सुमन ग्रे सहित जिले के खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और एशियन गेम्स में देश के लिए शानदार प्रदर्शन करने की कामना की।
खेल प्रेमियों ने कहा कि आरती कुमारी की यह उपलब्धि जिले की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ जिले के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। आरती के भारतीय टीम का हिस्सा बनने से जिले के खिलाड़ियों में विशेष उत्साह है।
भईया जी की रिपोर्ट