नवादा : जिले में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र को और मजबूत करने की कवायद तेज कर दी गयी है। शहर और जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थापित एवं प्रस्तावित सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन और रखरखाव को लेकर जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सीसीटीवी कैमरों की वर्तमान स्थिति, लाइव फीड और रखरखाव की व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की।
180 में 152 कैमरे स्थापित, 72 से मिल रही लाइव फीड
बैठक में नगर परिषद, नवादा के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 180 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किये जाने हैं। इनमें से 152 कैमरे अब तक स्थापित किये जा चुके हैं। वर्तमान में मात्र 72 कैमरों से ही लाइव फीड प्राप्त हो रही है। शेष कैमरों के चालू नहीं होने के कारण उनकी निगरानी नहीं हो पा रही है।
स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने बेल्ट्रॉन द्वारा चयनित एजेंसी को शेष कैमरों को शीघ्र सुचारू रूप से चालू करने और उनकी लाइव फीड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले शनिवार तक सभी शेष कैमरों को चालू कर लाइव फीड उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाये। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के लिए बेल्ट्रॉन को सूचित किया जायेगा।
मार्च 2027 तक बिजली कनेक्शन का रिचार्ज
बैठक में बताया गया कि विद्युत विभाग द्वारा सत्यापित सीसीटीवी कैमरों के विद्युत मीटर का रिचार्ज मार्च 2027 तक अग्रिम रूप से करा दिया गया है। शेष कैमरों के विद्युत मीटर का रिचार्ज विद्युत विभाग से सत्यापन के बाद कराया जायेगा। इससे कैमरों के संचालन में बिजली आपूर्ति संबंधी परेशानी नहीं होने की उम्मीद है।
पांच साल तक रखरखाव पर जोर
जिला पदाधिकारी ने स्थापित सीसीटीवी कैमरों के अगले पांच वर्षों तक नियमित रखरखाव और आवश्यक तकनीकी सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला नियंत्रण कक्ष में सभी सीसीटीवी कैमरों के डिस्प्ले को सुचारू रूप से चालू कराने को कहा, ताकि विभिन्न स्थानों पर लगे कैमरों की प्रभावी और सतत निगरानी हो सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नगर परिषद नवादा के कार्यपालक पदाधिकारी समीर कुमार, डीआईओ श्रेया वर्मा, आइटी मैनेजर दयानंद ठाकुर सहित सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और रखरखाव से जुड़ी एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
भईया जी की रिपोर्ट