-निशांत की चलेगी या अनंत की
नवादा : बिहार की राजनीति में कई बार चुनाव सिर्फ उम्मीदवारों के बीच नहीं होते। उनके पीछे पुराने रिश्ते, राजनीतिक असहमति और क्षेत्रीय प्रभाव की अपनी कहानी होती है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का मौजूदा चुनाव भी कुछ ऐसा ही है। एक तरफ जेडीयू ने अपने मौजूदा विधान परिषद सदस्य और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार को फिर मैदान में उतारा है तो दूसरी तरफ एनडीए के ही विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज ने डॉ. अनुज सिंह को अपना बहुमूल्य समर्थन दिया है।
ऐसे में इस चुनाव को दिलचस्प बना रहा है तीसरा नाम- मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह। अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार का समर्थन करने के बजाय अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान किया है। जन सुराज ने 24 सितंबर को अनुज सिंह को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया। इससे अब यह केवल जेडीयू के दो नेताओं की आपसी खींचतान नहीं रह गई है। एक तरफ जेडीयू का आधिकारिक उम्मीदवार है और दूसरी तरफ जन सुराज का उम्मीदवार, जिसके समर्थन में जदयू के समर्थन में एक विधायक खुलकर खड़ा है।
दरअसल डॉ. अनुज सिंह की राजनीतिक पहचान अनंत सिंह या नीरज कुमार जितनी पुरानी नहीं है। वे शिक्षा क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने नवादा विधानसभा सीट से जन सुराज के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। चुनावी हलफनामे के मुताबिक वे रिसोर्स जियोग्राफी में पीएचडी हैं और शैक्षणिक संस्थान के प्रबंधन से जुड़े हैं।
उन्होंने मगध विश्वविद्यालय से 2011 में पीएचडी की थी. 2025 के नवादा चुनाव में अनुज सिंह को 19,349 वोट मिले थे तथा वे तीसरे स्थान पर रहे। उनके हलफनामे में करीब 4.79 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की गई थी। यानी विधानसभा चुनाव में वे अभी कोई बड़ी चुनावी ताकत साबित नहीं कर पाए थे, लेकिन एक साल के भीतर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में उनकी राजनीतिक स्थिति बदल गई। इस बदलाव की सबसे महत्वपूर्ण वजह है- अनंत सिंह का समर्थन।
डॉ. अनुज सिंह के 2025 के विधानसभा चुनावी हलफनामे में एक लंबित आपराधिक मामला घोषित है। मामला नवादा महिला थाना कांड संख्या 04/2012 से संबंधित है। इसमें i PC की धारा 341 और 354 दर्ज है। हलफनामे में मामला न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, नवादा की अदालत में लंबित बताया गया और आरोप तय नहीं होने की जानकारी दी गई थी। उसी हलफनामे में कोई दोषसिद्ध मामला दर्ज नहीं है।