नवादा : जिले के वारिसलीगंज में नई चीनी मिल की मंजूरी किसानों के लिए बड़ी सौगात है। 500 करोड़ के निवेश से क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। राज्य अल्पसंख्यक आयोग सदस्य सह जिले के गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय सह पंचायत की पूर्व मुखिया अफरोजा खातुन ने वारिसलीगंज में नई चीनी मिल की स्थापना को मंजूरी मिलने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय नवादा सहित नालंदा, शेखपुरा और जमुई के हजारों किसानों के लिए बड़ी सौगात है।

500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से क्षेत्र में कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नये अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि चीनी मिल की स्थापना से गन्ना किसानों को स्थानीय स्तर पर बेहतर बाजार उपलब्ध होगा। इससे कृषि और उद्योग के बीच मजबूत कड़ी बनेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मिल की मंजूरी से नवादा सहित पूरे मगध क्षेत्र में औद्योगिक विकास की संभावनाएं मजबूत होंगी।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार सरकार और नवादा के प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि वारिसलीगंज में चीनी मिल की मंजूरी जिले के किसानों के लिए आर्थिक समृद्धि का नया द्वार खोलेगी और जिले में फिर से गन्ने की खेती को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
भईया जी की रिपोर्ट

