नवादा : नगर थाना क्षेत्र के पटेलनगर आदर्श कॉलोनी स्थित जदयू नेत्री कृष्ण रानी वर्मा के घर हुई चोरी के मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। टीम चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और चोरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
बताया जाता है कि जदयू नेत्री के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की जानकारी घर लौटने के बाद हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी खंगालना शुरू कर दिया है। संदिग्धों की गतिविधियों और आने-जाने वाले रास्तों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के उद्भेदन के लिए एसआईटी टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। टीम तकनीकी जांच के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस डाग स्क्वायड के सहारे सुराग जुटाने में लगी है।
भईया जी की रिपोर्ट